हरियाणा
स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी, भ्रष्टाचार मुक्त शहरों का वादा
हुड्डा और राव नरेंद्र ने पेश किया विजन, भाजपा सरकार पर शहरों की बदहाली का आरोप
Haryana:भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हरियाणा में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र मौजूद रहे।
घोषणापत्र जारी करते हुए नेताओं ने भ्रष्टाचार मुक्त निकाय, स्वच्छ और सुविधायुक्त शहर बनाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर मेनिफेस्टो समिति की अध्यक्ष गीता भुक्कल, विधायक बीबी बतरा, आफताब अहमद, पंचकूला की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और अंबाला की मेयर प्रत्याशी कुलविंदर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह घोषणापत्र जनता से सीधे संवाद के आधार पर तैयार किया गया है और इसमें हर वर्ग की जरूरतों को शामिल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शहरों की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़कों की स्थिति जर्जर है, सीवरेज व्यवस्था प्रभावित है और सफाई व्यवस्था भी कमजोर पड़ी है।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर निगमों की स्थिति बदतर हो चुकी है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से भाजपा को अपने अधिकांश उम्मीदवार बदलने पड़े।
गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस का सबसे अहम वादा शहरी निकायों में फैले भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि पार्टी को जनता का समर्थन मिला तो घोषणापत्र में किए गए वादों को ईमानदारी से लागू किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में जनता बदलाव का समर्थन करेगी और पार्टी को मजबूत जनादेश मिलेगा।