फीस बढ़ोतरी व शिक्षा अनियमितताओं के खिलाफ महिला कांग्रेस ने मंत्री के आवास का घेराव किया, उग्र आंदोलन की चेतावनी !

देहरादून -: उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेश में बढ़ती स्कूल फीस और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के आवास को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।
- ज्योति रौतेला ने सरकार पर मूकदर्शक बने रहने का लगाया आरोप,
- अभिभावकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
इस दौरान ज्योति रौतेला ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस बढ़ाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूल अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही किताबें खरीदने को मजबूर कर रहे हैं, जिससे कमीशनखोरी को बढ़ावा मिल रहा है। रौतेला ने कहा, “इस स्थिति से प्रदेश का हर अभिभावक परेशान और असहाय है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।” प्रदर्शनकारियों ने सरकार से फीस नियंत्रण और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। ज्योति रौतेला ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से इस जनहित के आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक आवाज ही सरकार को जवाबदेह बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है।
प्रदर्शन में आशा मनोरमा शर्मा, उर्मिला दढ़ियाल, अंशुल त्यागी, अनीता सकलानी, प्रिया थापा, पायल बहल, देवेंद्र कौर, भावना शर्मा, रश्मि देवरानी, मधु उनियाल, राधिका शर्मा के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, गौरव रावत, प्रियांशु गौड़, शशांक जोशी, सिद्धार्थ जोशी, सोनू तिवारी, माही जेटली, आर्यन सेमवाल, अभिमन्यु नेगी, हेमंत पठारी, समीर, कुमार, सूरज, कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
