कुरुक्षेत्र से 255 सिख श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, बैसाखी पर पाकिस्तान में करेंगे पवित्र गुरुधामों के दर्शन
रिकॉर्ड संख्या में वीजा जारी, अमृतसर होते हुए वाघा बॉर्डर से प्रवेश करेगा जत्था
कुरुक्षेत्र :कुरुक्षेत्र से गुरुवार को आस्था और उत्साह के बीच 255 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित पवित्र गुरुधामों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जत्थे को ऐतिहासिक गुरुद्वारा छठी पातशाही(गुरुद्वारा छठी पातशाही) से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए 5 विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, जो पहले अमृतसर पहुंचेंगी। वहां रात्रि विश्राम के बाद जत्था वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेगा।
यह यात्रा खास तौर पर बैसाखी और खालसा सृजन दिवस के अवसर पर आयोजित की गई है। श्रद्धालु ननकाना साहिब, पंजा साहिब और करतारपुर साहिब जैसे पवित्र स्थलों पर मत्था टेकेंगे।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस बार रिकॉर्ड 255 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, कई लोग पहली बार इन ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करेंगे।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यात्रा से जुड़े सभी इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे।





