अप्रैल में लौटी सर्दी! उत्तर भारत में बारिश-ओलावृष्टि से तबाही
पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में मौसम बदला, तापमान 10°C तक गिरा, किसानों की बढ़ी चिंता
पंजाब:उत्तर भारत में अप्रैल के महीने में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया है। जहां इस समय तेज गर्मी की उम्मीद होती है, वहीं ठंड, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में पिछले 48 घंटों से खराब मौसम बना हुआ है।
लगातार बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ देखा जा रहा है। कई इलाकों में तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जिससे अप्रैल में भी सर्दी का एहसास हो रहा है।
इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। करीब 1.25 लाख एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल खराब हो चुकी है। मुक्तसर, फाजिल्का और बठिंडा जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां कटाई के लिए तैयार फसल तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण खेतों में गिर गई।
फसल नुकसान के बाद किसानों ने मुआवजे की मांग तेज कर दी है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर राहत देने का आश्वासन दिया है।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना कम है और कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं।





