रुड़की में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: आंगनबाड़ी सुपरवाइजर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार !

हरिद्वार -: ( रुड़की )-: हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई देहरादून से पहुंची सतर्कता टीम ने पूर्व शिकायत के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से की। मिली जानकारी के अनुसार, रुड़की ग्रामीण द्वितीय क्षेत्र में तैनात सुपरवाइजर पर आरोप था कि उन्होंने एक आंगनबाड़ी सहायिका से पदोन्नति (प्रमोशन) कराने के नाम पर धनराशि की मांग की थी। पीड़ित सहायिका ने इस संबंध में सतर्कता विभाग से शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने मामले की पुष्टि कर ट्रैप प्लान तैयार किया।
बुधवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 50 हजार रुपये सौंपे, मौके पर मौजूद विजिलेंस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। विकास भवन रोशनाबाद स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी का नाम भी जांच के दायरे में आया है। फिलहाल सतर्कता विभाग इस पूरे नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रहा है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों के बीच भय और सतर्कता का माहौल देखा जा रहा है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
