सुल्तानपुर में पूर्व विधायक स्व. इंद्रभद्र सिंह की प्रतिमा विवाद फिर गरमाया, हाईकोर्ट पहुँचा मामला !
सुल्तानपुर -: पखवारे भर शांत रहने के बाद पूर्व विधायक स्वर्गीय इंद्रभद्र सिंह की प्रतिमा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अब यह प्रकरण सीधे हाईकोर्ट लखनऊ पीठ तक पहुँच गया है। जिला एवं सत्र न्यायालय के अधिवक्ता अमित वर्मा ने इस मामले में एक जनहित याचिका दाखिल की है। याचिका में न केवल धनपतगंज में स्थापित प्रतिमा, बल्कि शहर के दीवानी चौराहे पर लगी प्रतिमा पर भी आपत्ति जताई गई है। इस पर 25 सितंबर को सुनवाई तय की गई है। गौरतलब है कि बीते अगस्त के अंतिम सप्ताह में विधायक विनोद सिंह ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि धनपतगंज में लोक निर्माण विभाग (PWD) की भूमि पर अवैध रूप से प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने प्रतिमा हटवाए जाने की मांग की थी।
सूत्रों का कहना है कि यह प्रकरण पूरी तरह से मुख्यमंत्री की जानकारी में है और अब सबकी निगाहें हाईकोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि अदालत की अगली सुनवाई में क्या रुख सामने आता है और प्रतिमा को लेकर जारी विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।