लॉकडाउन लगने से इस शहर में बवाल, पुलिस पर बरसाए पत्थर

यूट्रेक्ट: नीदरलैंड में कोरोना वायरस का संक्रमण के मामले बढ़ने के बीच लागू किए गए लॉकडाउन के बाद देश की उत्तरी इलाकों में जमकर हंगामा और प्रदर्शन हुआ. सबसे ज्यादा बवाल यूट्रेक्ट सिटी में हुआ जहां हजारों की तादाद में सड़क पर उतरे लोगों ने विरोध दर्ज कराने के लिए आवाज उठाई.
देश के सरकारी टीवी न्यूज चैनल ‘एनओएस’ ने बताया कि एम्सटर्डर्म से 140 किलोमीटर दूर ल्यूवॉर्डन में चौराहे पर पहुंचे युवाओं ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किया. एनओएस ने अपनी खबर में बताया कि बाद में दंगा पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया.
दक्षिणी शहर ब्रेडा में ‘बार’ तय समय से ज्यादा वक्त तक खुले रहे. यूट्रेक्ट में, छात्र सुजैन वान डे वेर्ड ने नए प्रतिबंधों पर नाराजगी जताते हुए अपनी बात रखी.
हंगामा कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कहा, ‘लॉकडाउन को स्वीकार करना बहुत मुश्किल है. यह बहुत बुरा है और यह कुछ ऐसा है जो खासकर छात्रों और बाकी सभी के सामाजिक जीवन को तबाह कर सकता है.’
देश की लगभग 85 प्रतिशत आबादी का कंप्लीट वैक्सीनेशन हो गया है लेकिन गुरुवार को देश के हेल्थ डिपार्टमेंट की जांच में बीते 24 घंटों में कोरोना के 16,364 नए मामले सामने आने की पुष्टि हुई थी. आपको बता दें कि देश में संक्रमण के ये अब तक के सर्वाधिक मामले हैं. यहां कोरोना संक्रमण की वजह से 18,600 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं.
देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मार्क रूट ने शुक्रवार को आंशिक लॉकडाउन की घोषणा की और कहा कि यह कम से कम तीन सप्ताह तक लागू रहेगा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘संक्रमण पर कठोर कार्रवाई करते हुए लोगों को बचाना चाहती है.’
गौरतलब है कि महाद्वीप के कुछ हिस्सों में संक्रमण की नई लहर शुरू होने के बाद पश्चिमी यूरोप के किसी देश में लगा यह पहला लॉकडाउन है.





