पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप करेंगे बॉक्सिंग मैच की कमेंट्री

वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंपबॉक्सिंग मुकाबले की कमेंट्री करेंगे. इस मुकाबले में पूर्व हैवीवेट चैम्पियन इवांडर होलीफील्ड भी शामिल होंगे. ट्रम्प के साथ उनके बेटे डोनाल्ड जूनियर भी शामिल होंगे. हॉलीवुड में होने वाले इस मुकाबले की फीड FITI.TV पर उपलब्ध होगी.
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा ,‘मुझे महान लड़ाके और मुकाबले पसंद हैं. इस बार मैं शनिवार की रात ऐसे ही एक मुकाबले का हिस्सा रहूंगा और अपने विचार भी रखूंगा. आप इसे मिस नहीं करना चाहेंगे.’ पहले यह मुकाबला लॉस एंजेलिस में होना था जिसमें ऑस्कर डे ला होया को विटोर बेलफोर्ट का सामना करना था.
डे ला होया के कोरोना संक्रमित होने के कारण ऐन मौके पर होलीफील्ड को शामिल किया गया. होलीफील्ड की उम्र को देखते हुए कैलिफोर्निया राज्य एथलेटिक आयोग ने परमीशन देने से इनकार कर दिया जिसकी वजह से अब मुकाबला फ्लोरिडा में हो रहा है. होलीफील्ड अगले महीने 59 वर्ष के हो जायेंगे और 2011 से रिंग में नहीं उतरे हैं. बेलफोर्ट के साथ उनकी लड़ाई दो मिनट के आठ राउंड की है.
वर्षों से कई फाइट कार्ड की मेजबानी और प्रचार करने के साथ ही ट्रम्प का मुक्केबाजी के साथ एक लंबा इतिहास रहा है. अटलांटिक सिटी, न्यू जर्सी में उनके कैसीनो में भी ऐसे मुकाबलों का आयोजन होता रहता है. डोनाल्ड ट्रंप बॉक्सिंग रिंग से 9/11 के शहीदों को श्रद्धांजलि भी देंगे.





