महिला ने अपनी बेटी के फेसबुक पर किया नकली मौत (fake death)की पोस्ट
इंडोनेशिया : पैसे इंसान को कुछ भी करने पर मजबूर कर देते हैं. जब पैसों की बात आती है तो व्यक्ति दूसरों की जान ले सकता है और अपनी जान भी खुशी-खुशी देने को तैयार हो जाता है. हाल ही में इंडोनेशिया की एक महिला ने भी ऐसा ही किया जब उसने पैसों की वजह से खुद को ही मार डाला! (fake death) घबराइए मत, उसने असली में अपनी जान नहीं ली, बल्कि सोशल मीडिया पर ये झूठ फैलाया कि उसकी मौत हो गई है. ऐसा करने के पीछे बड़ा कारण था.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में स्थित मेदान में रहने वाली एक महिला ने ऐसी घपलेबाजी की कि उसके बारे में जानकर लोग हैरान हो जा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार L (असली नाम छुपाने के लिए मीडिया में इस्तेमाल किया जा रहा नाम) ने एक दूसरी महिला, माया गुनावन से मोटी रकम उधार के तौर पर ली थी. पर जब उसे चुकाने की बारी आई तो उसने फिल्मी स्टाइल में खेल खेला.
मौत का किया नाटक
महिला ने पहले रुपये चुकाने के लिए 20 नवंबर की तारीख चुनी थी. जब डेडलाइन पास आई तो महिला ने अतिरिक्त समय मांगा और 6 दिसंबर को रुपये लौटाने का भरोसा दिलाया. जब 6 दिसंबर का दिन आया तो उसने अपनी बेटी के फेसबुक अकाउंट से कुछ तस्वीरें पोस्ट कर अपनी ही मौत की घोषणा कर दी. इन तस्वीरों में कुछ फोटोज अस्पताल में स्ट्रेचर पर एक बॉडी को ले जाते हुए अस्पताल कर्मियों की थी, जो संभवतया एक टीवी शो से खींची गई थी. एक फोटो में उसने अपनी नाक में रुई लगाई हुई है और चेहरे पर कपड़ा बांधा है जिससे वो लाश की तरह लग रही है.
बेटी ने कर दिया खुलासा
यही नहीं, महिला ने बेटी से ये भी लिखवाया कि उसकी मौत घर के पास ही मौजूद एक ब्रिज पर एक्सिडेंट के कारण उसकी मौत हुई और Aceh प्रांत के मुस्लिम कब्रिस्तान में मां की लाश को दफनाया जाएगा. ये सब महिला ने सिर्फ इसलिए किया जिससे उसे वो रुपये ना चुकाने पड़ें. जब मामला गंभीर होता गया और लोग काफी प्रतिक्रिया देने लगे तब महिला की बेटी नजवा एलमिरा गिनटिंग ने लोगों को सच बता दिया कि उसकी मां जिंदा है. उसने लोगों से अपनी मां की इस गलती के लिए माफी मांगी है, पर अभी तक उसकी मां ने दूसरी महिला के पैसे नहीं चुकाए हैं.





