लखनऊ

धरने पर बैठी माता-बहनों की पीड़ा सुन भावुक हुए विनीत अग्रवाल !

लखनऊ -: ( मेरठ ) – : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा आज शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट के सेक्टर-2, सेक्टर-3 एवं सेक्टर-4 में धरने पर बैठी माता-बहनों एवं व्यापारियों के बीच पहुँचे। उन्होंने लगभग एक-एक घंटे से अधिक समय तक धरनास्थल पर बैठकर उनकी पीड़ा, दर्द और संघर्ष को संवेदनशीलता के साथ सुना।धरनास्थल पर पहुँचते ही कई महिलाओं ने भावुक एवं आक्रोशपूर्ण स्वर में विनीत अग्रवाल शारदा से कहा कि “आप कोर्ट के फ़ैसले के चार दिन बाद आज आए हैं, लेकिन जब हमारी दुकानें और घर तोड़े जा रहे थे, तब कोई हमारे बीच नहीं आया। उस समय हमें सबसे अधिक जनप्रतिनिधियों की आवश्यकता थी। आज हमारा सब कुछ उजड़ चुका है।” कई महिलाओं ने अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की और उन्हें खरी-खोटी भी सुनाई। विनीत अग्रवाल शारदा ने बिना किसी प्रतिवाद के सभी की बातें शांतिपूर्वक सुनीं और कहा कि वे उनकी पीड़ा और नाराजगी को पूरी गंभीरता से समझते हैं।

इसके बाद माता-बहनों ने कहा, कल मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी आए थे। उन्होंने हमें बुलाकर हमारी बात सुनी, लेकिन हमारी सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि हमारे घरों को बचाने की दिशा में अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। हमें इस बात का भी दुःख है कि आपकी पार्टी का कोई जनप्रतिनिधि हमारे बीच नहीं आया। आज आप आए हैं, आपने हमारी पीड़ा को समझा है। हमारी सबसे बड़ी विनती है कि आप हमारी बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुँचाएं तथा उनसे हमारी मुलाकात कराएं, ताकि हम स्वयं अपने परिवारों का दर्द और भविष्य की चिंता उनके सामने रख सकें।

हमारे घर टूट रहे हैं, हमारी दुकानें समाप्त हो चुकी हैं, कई दिनों से हम सड़कों पर बैठे हैं। हमारे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है, रोजगार छिन गया है, बेटियों की शादियाँ रुक गई हैं और आर्थिक संकट के कारण हम अपने बीमार माता-पिता का समुचित इलाज तक नहीं करा पा रहे हैं।” माता-बहनों की करुण व्यथा और उनकी आँखों से बहते आँसुओं को देखकर विनीत अग्रवाल शारदा स्वयं भी भावुक हो उठे। उनकी आँखें नम हो गईं। भावुक स्वर में उन्होंने कहा, “राष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है, लेकिन व्यापारी और मेरी माता-बहनें मेरी आत्मा हैं। आपके सम्मान, आपके अधिकार और आपके भविष्य की रक्षा के लिए यदि मेरे शरीर के खून की एक-एक बूंद भी आपके चरणों में समर्पित करनी पड़े तो मैं स्वयं को सौभाग्यशाली समझूँगा।” उन्होंने कहा, मैं सर्वोच्च न्यायालय का पूर्ण सम्मान करता हूँ। कानून और संविधान की मर्यादा के भीतर रहकर आपके नौनिहालों के भविष्य, आपके घरों और आपकी दुकानों को बचाने के लिए जो भी संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रयास संभव होंगे, उन्हें पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूँगा।

कल ही मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत पत्र लिखकर आपकी संपूर्ण पीड़ा, आपकी भावनाएँ और आपकी मांगों से अवगत कराऊँगा तथा आप सभी की उनसे मुलाकात का समय देने का आग्रह भी करूँगा। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि आपकी आवाज देश और प्रदेश के सर्वोच्च नेतृत्व तक सम्मानपूर्वक पहुँचे और आपके परिवारों को न्याय मिल सके।”

विनीत अग्रवाल शारदा ने अत्यंत भावुक होते हुए माता-बहनों को संबोधित करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले आप सभी बहनें मेरे घर आई थीं और आपने मेरे हाथ पर राखी बाँधी थी। वह राखी का धागा मेरे लिए केवल एक धागा नहीं, बल्कि जीवनभर का ऋण और विश्वास है। मैं पूरी निष्ठा से प्रयास करूँगा कि उस राखी के ऋण को अपने कर्तव्य और अपने फर्ज के माध्यम से चुका सकूँ। आपका सम्मान, आपकी सुरक्षा और आपके परिवारों का भविष्य मेरे लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।” धरनास्थल पर उपस्थित माता-बहनों एवं व्यापारियों ने अंत में विनीत अग्रवाल शारदा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आज आपने हमारे बीच बैठकर हमारी पूरी बात सुनी, हमारे दर्द को महसूस किया और हमारी भावनाओं को शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचाने का भरोसा दिया। हमें विश्वास है कि हमारी आवाज अब देश और प्रदेश के सर्वोच्च नेतृत्व तक अवश्य पहुँचेगी। आज के इस मौके पर सेक्टर-2 के व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज गर्ग मीडिया प्रभारी अमित शर्मा धरने पर बैठी महिलाओं में प्रीति कपूर राधा ,गुप्ता शीतल पुजानी,जग रोशनी देवी ,शालिनी शर्मा,वीणा भार्गव,आभा पांडे,मंजू कौशिक,सविता मितलेश,रंजना उपस्थित रही।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button