G7 Summit में ट्रंप का मजाकिया अंदाज, ‘मैं ही बॉस हूं’ कहते ही ठहाकों से गूंज उठा मंच
फ्रांस में विश्व नेताओं के बीच डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी वायरल, मैक्रों समेत कई नेताओं ने हंसते हुए दिया रिएक्शन
इंटरनेशनल डेस्क: फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक हल्का-फुल्का और मजाकिया अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। विश्व नेताओं के साथ मंच पर पहुंचते ही ट्रंप ने मुस्कुराते हुए खुद को “बॉस” बताया, जिसके बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच हंसी का माहौल बन गया।
कैमरों में कैद हुए इस पल में सम्मेलन के मेजबान और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्रंप से उनका हालचाल पूछा। जवाब में ट्रंप ने पहले “गुड, थैंक यू” कहा और फिर मजाकिया लहजे में “I’m the boss” यानी “मैं ही बॉस हूं” टिप्पणी की। उनके इस बयान पर आसपास मौजूद नेताओं ने मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी और माहौल हल्का-फुल्का हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स इसे ट्रंप की खास शैली और आत्मविश्वास का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने इसे वैश्विक राजनीति के बीच एक मजेदार पल के रूप में देखा है।
हालांकि, ट्रंप की इस टिप्पणी को आधिकारिक बयान के बजाय एक अनौपचारिक और हास्यपूर्ण प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। G7 शिखर सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर चर्चा जारी है।





