कल लखनऊ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, श्री नवदीप रिणवा हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरुकता वाहनों को करेंगे रवाना – (मतदाता जागरुकता अभियान )

सूचना प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ द्वारा उतर प्रदेश के जिन जिलों में विगत चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहा, उन जिलों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कुल चार चरणों में 15 जिलों में मतदाताओं को प्रचार वाहनों के साथ-साथ विविध कार्यक्रमों के जरिए जागरुक किया जा चुका है और शेष बचे तीन चरणो के14 जिलों में भी स्वीप कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं । इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, श्री नवदीप रिणवा कल दिनांक 15 मई 2024 को अलीगंज स्थित केंद्रीय भवन से सुबह 10.15 बजे बजे मतदाता जागरुकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये रथ लखनऊ और मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चत करने हेतु प्रेरित करेंगे।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से अभी तक मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, मेरठ, अमरोहा, अलीगढ़, संभल, मैनपुरी, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कानपुर में प्रचार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है। प्रथम चरण में मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत में दूसरे चरण में मेरठ, अमरोहा, अलीगढ़, तीसरे चरण में संभल, मैनपुरी, बदायूं, बरेली में और चौथे चरण में शाहजहांपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कानपुर में जागरुका वाहन चलाये गये। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्तों श्री ज्ञानेश कुमार और श्री सुखबीर सिंह संधू के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग ने सभी चरणों में मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू पर नियमित रूप से कड़ी नजर रखी और जहां भी आवश्यक लगा, आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

