लखनऊ

युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं पुलिस-जन सहयोग की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रहा कार्यक्रम -उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

लखनऊ-: ( 07 मई 2026 ) – : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के My Bharat Portal पर पंजीकृत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों के लिए संचालित “स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (SPEL)” कार्यक्रम का द्वितीय चरण उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत कमिश्नरेट क्षेत्रों से 75 तथा अन्य जनपदों से 50 स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार SPEL कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तर पर अंकपत्र में 02 क्रेडिट अंक प्रदान किए जाएंगे।

  • एनएसएस की नई पहल ‘स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग’ कार्यक्रम का द्वितीय चरण सफलतापूर्वक पूर्ण
  • प्रतिभागी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तर पर मिलेंगे 02 क्रेडिट अंक
  • युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं पुलिस-जन सहयोग की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रहा कार्यक्रम

इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक एवं सामाजिक अनुभव से भी जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग” कार्यक्रम युवाओं को कानून व्यवस्था, सामाजिक दायित्व एवं अनुशासन की वास्तविक समझ प्रदान कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर 02 क्रेडिट अंक प्रदान किए जाने से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा अधिकाधिक युवा इस अभिनव कार्यक्रम से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

राष्ट्रीय सेवा योजना, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की विशेष कार्याधिकारी एवं राज्य संपर्क अधिकारी डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था, कानून व्यवस्था, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से व्यावहारिक रूप से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को 30 दिनों में 120 घंटे का प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें थाना स्तर पर पुलिस कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं सामुदायिक पुलिसिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय एवं अनुशासित सहभागिता की दिल्ली स्थित मंत्रालय में एडीजी रूल्स एंड मैनुअल आशीष पटेल द्वारा प्रस्तुत प्रेजेंटेशन के दौरान सराहना की गई थी। स्वयंसेवकों के अनुशासन, कार्यशैली एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा प्राप्त होने के बाद कार्यक्रम के द्वितीय चरण को और अधिक व्यापक स्वरूप में संचालित किया गया।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button