मैनपुरी में प्रेस क्लब निर्माण की मांग को मिला बल,उपमुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान !
मैनपुरी -: आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भगवान परशुराम की शोभा यात्रा में शामिल होने मैनपुरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया कर्मियों से संवाद किया। प्रेस वार्ता के दौरान प्रेस क्लब मैनपुरी के अध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी एवं संरक्षक प्रेस क्लब शम्भू ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष शहर में एक व्यवस्थित और सुसज्जित प्रेस क्लब के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी में वर्तमान में जो प्रेस क्लब है, वह जर्जर स्थिति में है और मुख्यालय से दूर स्थित होने के कारण पत्रकारों की सुविधा के अनुरूप नहीं है।
इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए स्थिति की जानकारी ली और तुरंत जिला अधिकारी अंजनी कुमार सिंह से इस विषय में वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा की प्रेस क्लब जब बन जाएगा तो उसका उद्घाटन मैं ही करने के लिए आऊंगा। उप मुख्यमंत्री द्वारा प्रेस क्लब के संबंध में संज्ञान लिए जाने के बाद मैनपुरी के पत्रकारों में खुशी की लहर देखी जा रही है। पत्रकारों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें एक बेहतर और सुविधाजनक प्रेस क्लब की सौगात मिल सकती है।