काबुल में करते परवान गुरुद्वारा (Gurdwara )पर आतंकी हमला
नई दिल्ली. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के करते परवान गुरुद्वारा (Gurdwara ) साहिब पर आतंकी हमला होने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक ये हमला शनिवार सुबह 6 बजे हुआ है. काबुल से मिल रही सूचना के मुताबिक फिलहाल गुरुद्वारा अब आतंकियों के कब्जे में है. इस हमले में एक शख्स की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं. हमले में मारे गए शख्स के बारे में सूचना मिल रही है कि वह गुरुद्वारे का गार्ड है.
इस हमले में ISIS के आतंकियों के शामिल होने का संदेह है, भारत सरकार हालात पर नजर रखे हुए है. अफगानिस्तान में गुरुद्वारे पर आतंकी हमले को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ‘हम काबुल में एक पवित्र गुरुद्वारे पर हुए हमले की खबरों से बेहद चिंतित हैं. हम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं.’
बताया जा रहा है कि दो आतंकी गुरुद्वारे में घुसे और श्रद्धालुओं पर अंधाधुंध फायरिंग की. गुरुद्वारे के अंदर 8 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं. इन आतंकियों के खिलाफ लड़ रहे तालिबान के तीन सदस्य भी घायल हो गए हैं. जब आतंकियों ने हमला किया तो कम से कम 25-30 अफगान हिंदू और सिख सुबह की प्रार्थना के लिए गुरुद्वारे के अंदर थे. इनमें से कम से कम 10-15 लोग मौके से निकलने में सफल रहे. जबकि बाकी लोग गुरुद्वारे के अंदर लड़ाई में फंसे हुए हैं. सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे तालिबानी फोर्स ने इलाके में प्रवेश रोक दिया है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सभी से गुरुद्वारे पर हुए हमले की निंदा करने का आग्रह किया है. उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि ‘गुरुद्वारा करते परवान पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए. हमले की खबर मिलने के बाद से हम घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं. हमारी पहली और सबसे महत्वपूर्ण चिंता समुदाय के कल्याण के लिए है.’
जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस आतंकी हमले की निंदा की है. मान ने काबुल में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सहायता के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री से आग्रह किया.
काबुल में करते परवान गुरुद्वारा साहिब पर आज सुबह 6 बजे कुछ आतंकियों ने ये हमला किया. काबुल शहर के करते परवान इलाके में कई धमाकों की आवाज सुनी गई. जबकि बीजेपी विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक ट्वीट करके कहा है कि उनकी गुरुद्वारा करता परवान के अध्यक्ष गुरनाम सिंह से बात हुई. उन्होंने अफगानिस्तान में सिखों के लिए वैश्विक समर्थन की गुहार लगाई है.
आतंकी हमले के समय मौके पर मौजूद रहे लोगों ने बताया कि काबुल में गुरुद्वारा करते परवान के सुरक्षा गार्ड अहमद को आज सुबह हमले में आतंकियों ने मारा दिया. जबकि मनजिंदर सिंह सिरसा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि उनको मिली जानकारी के अनुसार अब तक 3 लोग गुरुद्वारे से निकल चुके हैं. जिनमें से 2 को अस्पताल भेजा गया है. गुरुद्वारा के गार्ड की मौत हो गई. माना जा रहा है कि 7-8 लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं लेकिन संख्या की पुष्टि नहीं हुई है. इलाके में अभी भी फायरिंग जारी है.
सिरसा ने दावा कि सिख संगत (लगभग 10-15 संख्या में) काबुल के गुरुद्वारा करते परवान में फंस गई थी. जिस पर आज सुबह आतंकवादियों ने हमला किया था. इस हमले में एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है. गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में वापस लौटने के बाद से हिंसा और खूनखराबा बढ़ता जा रहा है. अफगानिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की कई घटनाएं सामने आईं हैं.





