PWD Contractors Haryana:PWD ठेकेदारों का हरियाणा सरकार को अल्टीमेटम ,900 करोड़ का भुगतान न करने पर आंदोलन की चेतावनी
भुगतान और बढ़ती निर्माण लगत से नाराज़ ठेकेदारों ने की अधिकारियों से की मुलाकात
चंडीगढ़, 9 जुलाई। हरियाणा में लोकनिर्माण विभाग (PWD) के ठेकेदारों ने करीब 900 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान(PWD Contractors Haryana) को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर बकाया भुगतान और अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द भुगतान नहीं किया तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, निर्माण सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों और समय पर भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदार गंभीर आर्थिक दबाव में हैं। उनका कहना है कि इससे न केवल ठेकेदारों की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है, बल्कि विकास कार्यों की गति पर भी असर पड़ रहा है।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने इंजीनियर-इन-चीफ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग रखी।
बैठक के बाद एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और विभाग की ओर से शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा घोषित की जाएगी। इसके तहत हरियाणा के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
ठेकेदारों का कहना है कि समय पर भुगतान सुनिश्चित किए बिना विकास परियोजनाओं को सुचारु रूप से पूरा करना मुश्किल होता जा रहा है।




