पटियाला के स्कूलों को बम धमकी से हड़कंप, बच्चों की सुरक्षा के लिए तुरंत छुट्टी
ईमेल से मिली धमकी के बाद पुलिस और बम निरोधक टीम अलर्ट, साइबर जांच तेज
Punjab:पटियाला में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। इस सूचना के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और स्थानीय प्रशासन में तुरंत हलचल शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यादविंद्र पब्लिक स्कूल सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों को धमकी भरा संदेश मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों ने एहतियातन बच्चों की छुट्टी कर दी और अभिभावकों को तुरंत सूचना दी गई। इसके बाद स्कूलों के बाहर अपने बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों की भीड़ लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए। पूरे स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।पुलिस ने यह भी बताया कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। इस मामले में साइबर टीम को लगाया गया है, जो ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।





