देहरादून

लैंसडाउन के नाम परिवर्तन पर नई बहस तेज, ‘वीर जसवंतगढ़ छावनी’ नाम का प्रस्ताव भी सामने आया !

देहरादून -: ( लैंसडाउन) -: उत्तराखंड के ऐतिहासिक शहर लैंसडाउन का नाम बदलने को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। छावनी परिषद द्वारा शहर का नाम बदलकर ‘जसवंतगढ़ छावनी’ किए जाने के प्रस्ताव के बाद अब इस विषय पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छावनी परिषद की हालिया बैठक में लैंसडाउन का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इस प्रस्ताव के तहत आम नागरिकों और हितधारकों से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अवधि में प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

इस बीच कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नाम परिवर्तन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह पहल देशभक्ति और वीरता की भावना को सम्मान देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। हालांकि उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शहर का नाम केवल ‘जसवंतगढ़’ ही नहीं, बल्कि ‘वीर जसवंतगढ़ छावनी’ रखा जाना चाहिए, जिससे 1962 के भारत-चीन युद्ध के नायक राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की वीरता को और अधिक सम्मान मिल सके। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और वीरता से जुड़े नाम न केवल नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं, बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से इस सुझाव पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।

लैंसडाउन के नाम परिवर्तन को लेकर अब स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का माहौल है। जहां एक ओर कुछ लोग इसे ऐतिहासिक गौरव से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ नागरिक इस पर व्यापक विमर्श की आवश्यकता भी महसूस कर रहे हैं। आने वाले दिनों में प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के आधार पर इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button