uncategrized
गुरुग्राम हाईवे पर NHAI की अनदेखी: जर्जर फ्लाईओवर और खुले गड्ढे से जान जोखिम में

गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर और हीरो होंडा चौक क्षेत्र लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बने हुए हैं। हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर की क्षतिग्रस्त लेन पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है। इसके अलावा नरसिंहपुर में कलवर्ट सफाई के दौरान खोदा गया गड्ढा एक साल बाद भी नहीं भरा गया है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की लापरवाही के कारण हाईवे पर लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है। हाईवे की सर्विस लेन पर हर साल मानसून में वाहन पानी में बंद हो जाते हैं और कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। हीरो होंडा चौक से खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक का करीब दस किलोमीटर सफर कई बार चार से पांच घंटे में पूरा होता है।

