लखनऊ

प्रतिभा के साथ न्याय और परिश्रम का सम्मान ही नए भारत की पहचान – : श्री केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ :- ( 23 जुलाई, 2026 )- : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों के हितों की रक्षा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन इसी संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था पेपर लीक माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी प्रहार सिद्ध होगी। इससे ऐसे अपराधों में संलिप्त दोषियों को शीघ्र एवं कठोर दंड सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर युवाओं के सपनों और उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शने वाली नहीं है।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रतिभा के साथ न्याय, परिश्रम का सम्मान तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा ही नए भारत की पहचान है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो तथा मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर प्राप्त हों। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है और पेपर लीक जैसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून पूरी कठोरता से अपना कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट्स की व्यवस्था से ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित होगा तथा युवाओं का परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button