अंतराष्ट्रीयखेल

भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम रेडिएंट कप अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट सीरीज खेलने श्रीलंका रवाना चेन्नई में विजेता ट्रॉफी और टीम जर्सी का भव्य अनावरण, खिलाड़ियों में उत्साह

दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) की भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम रेडिएंट कप अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट सीरीज में भाग लेने के लिए आज चेन्नई से श्रीलंका रवाना हो गई। डिसेबिलिटी क्रिकेट ऑफ श्रीलंका के आमंत्रण पर भारतीय टीम श्रीलंका में तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले और एक टेस्ट मैच खेलेगी। टीम के प्रस्थान से पूर्व चेन्नई में आयोजित एक भव्य समारोह में विजेता ट्रॉफी और टीम की आधिकारिक जर्सी का आकर्षक अनावरण किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं कार्गो पार्टनर थॉमस विलियम ने श्रृंखला की विजेता ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर भारतीय टीम की आधिकारिक ड्रेस (जर्सी) भी लॉन्च की गई। अपने संबोधन में थॉमस विलियम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारतीय टीम में प्रतिभा, अनुभव और जज़्बे की कमी नहीं है तथा उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।

डिसेबिलिटी क्रिकेट ऑफ श्रीलंका के अध्यक्ष विमल जयसुंदर ने कहा कि भारतीय टीम के स्वागत और श्रृंखला के सफल आयोजन के लिए श्रीलंका में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सीरीज दिव्यांग क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय विस्तार में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक अब्बास अली ने विश्वास जताया कि टीम इस दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का शानदार संतुलन है, जो भारत के लिए बड़ी ताकत साबित होगा।

सहायक कोच वाहित स्माइल ने बताया कि खिलाड़ियों की फील्डिंग और खेल के सूक्ष्म तकनीकी पहलुओं पर विशेष रूप से कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि इस स्तर की प्रतियोगिता में अनुशासित फील्डिंग और सामूहिक प्रदर्शन जीत की कुंजी साबित होंगे।

टीम मैनेजर हरि चंद्रन और दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के वाइस चेयरमैन मुरूगनराज ने कहा कि पिछले कुछ समय से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर सीमित मिले थे, लेकिन श्रीलंका दौरा भारतीय खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता और कौशल प्रदर्शित करने का सुनहरा मंच है।

मुख्य चयनकर्ता आशीष श्रीवास्तव ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय टीम में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। टीम में तमिलनाडु से सचिन, सेवा राजेश जद्दू और निशांत; महाराष्ट्र से अनवर अंसारी, नितिन बबली, साजिद और मोहसिन; गुजरात से चिराग गांधी, मुनाफ और रिजवान; जम्मू से राहुल शर्मा; कश्मीर से आकिब मलिक; उत्तर प्रदेश से कैलाश प्रसाद और कपिल कुमार; तथा बिहार से धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं।

भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे को दिव्यांग क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह दौरा न केवल खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि दिव्यांग क्रिकेट को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम सिद्ध होगा। देशभर के खेल प्रेमियों की निगाहें अब भारतीय टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं और सभी को टीम से शानदार सफलता की उम्मीद है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button