खेलबिहार

गुरिंदरवीर 100 मीटर में भारत के सबसे तेज धावक:10.09 सेकेंड में जीते; दो बार नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा, पर्ची दिखाई- अभी काम पूरा नहीं

गुरिंदरवीर ने इस सीजन में पूरे एशिया का दूसरा सबसे तेज समय निकाला है।

रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में शनिवार भारतीय एथलेटिक्स के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। पंजाब के 25 साल के स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह ने एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता की पुरुषों की 100 मीटर रेस 10.09 सेकेंड में पूरी की और नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया।

यह पहली बार है, जब किसी भारतीय ने 100 मीटर रेस 10.10 सेकेंड से कम समय में पूरी की है। रेस जीतने के बाद गुरिंदरवीर ने जोश में अपना बिब नंबर उतार दिया और ट्रैक पर जूते फेंक दिए।

इवेंट के बाद गुरिंदरवीर ने कहा- ‘लोग कहते थे कि भारतीयों के पास 100 मीटर के लिए जीन नहीं हैं। मैं सबको गलत साबित करना चाहता था। भारतीय जीन बहुत मजबूत हैं और यह सिर्फ शुरुआत है।’

इस सीजन एशिया के दूसरे सबसे तेज धावक बने-:गुरिंदरवीर का यह समय इस सीजन में एशिया का दूसरा सबसे तेज समय है। वह जापान के फुकुतो कोमुरो (10.08 सेकेंड) से सिर्फ .01 सेकेंड पीछे रहे। उन्होंने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफिकेशन मार्क (10.16 सेकेंड) भी आसानी से पार कर लिया। सीनियर फेडरेशन कप में गुरिंदरवीर ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी अनिमेष कुजूर को पीछे छोड़ दिया।

गुरिंदरवीर ने इस सीजन में पूरे एशिया का दूसरा सबसे तेज समय निकाला है।

प्रतियोगिता में 3 बार टूटा नेशनल रिकॉर्ड-:यहां पंजाब के गुरिंदरवीर और ओडिशा के अनिमेष के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अनिमेष पिछले साल बनाए 10.18 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ प्रतियोगिता के प्रबल दावेदार थे। लेकिन शुक्रवार को 25 वर्षीय गुरिंदरवीर ने शुरुआती सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकेंड तक कम कर दिया।

इसके महज 5 मिनट बाद 22 वर्षीय अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकेंड का समय निकालकर नेशनल रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया। फाइनल में गुरिंदरवीर ने इसे फिर अपने नाम कर लिया।

फाइनल में अनिमेष से 0.11 सेकेंड तेज दौड़े गुरिंदरवीर-:गुरिंदरवीर ने फाइनल में अनिमेष से 0.11 सेकेंड तेज दौड़ लगाई। उन्होंने अपने युवा प्रतिद्वंद्वी से करीब दो फीट आगे रहते हुए फिनिश लाइन पार की। रिलायंस फाउंडेशन के प्रणव गुरव 10.29 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

गुरिंदरवीर ने मैच के बाद कहा- ‘बहुत अच्छी फीलिंग है। जैसी ट्रेनिंग चल रही थी, वैसे रिजल्ट भी मिल रहे हैं। आगे भी ट्रेनिंग अच्छी रहेगी और अच्छे रिजल्ट मिलेंगे। ट्रेनिंग में जिन चीजों की कमी थी, उन्हें सुधारा। कमजोरियां दूर कीं, स्ट्रेन्थ बढ़ाई। आखिरी मिनट में फिजिकल से ज्यादा मेंटल गेम होता है। जो अपने आप को मानसिक रूप से मजबूत रख पाएगा, वो जीतेगा।’

विशाल ने 400 मीटर में रिकॉर्ड बनाया-:गुरिंदरवीर सिंह के अलावा विशाल ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ 44.98 सेकेंड में पूरी कर अपना ही नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे 45 सेकेंड से कम समय में यह रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

विशाल की यह टाइमिंग इस सीजन में एशिया में सबसे तेज है। रेस में तमिलनाडु के राजेश रमेश (45.31s) दूसरे और उत्तर प्रदेश के जय कुमार (45.47s) तीसरे स्थान पर रहे।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button