देहरादून

राज्यपाल ने पांच विधायकों को दिलाई मंत्री पद की शपथ, धामी कैबिनेट हुआ पूर्ण लोक भवन में आयोजित हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह, मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य हुए शामिल !

देहरादून -:  राजभवन के लोक भवन परिसर में शुक्रवार को एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने उत्तराखंड सरकार के मंत्रिपरिषद के पांच नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही धामी मंत्रिमंडल ने पूर्ण आकार ले लिया। राज्यपाल ने विधायक खजान दास (राजपुर), मदन कौशिक (हरिद्वार), भरत सिंह चौधरी (रुद्रप्रयाग), प्रदीप बत्रा (रुड़की) और राम सिंह कैड़ा (भीमताल) को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी नए मंत्रियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर आभार व्यक्त किया।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल सहित प्रदेश के कई गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया और शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया। गौरतलब है कि इस विस्तार के साथ ही धामी मंत्रिमंडल में अब कुल 12 मंत्री हो गए हैं। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह कैबिनेट विस्तार राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button