देहरादून

भीषण गर्मी के चलते देहरादून में कल स्कूल बंद, डीएम ने घोषित किया अवकाश

देहरादून  लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद देहरादून के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों सहित आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 अप्रैल (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून सविन बंसल द्वारा जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के पोर्टल पर जारी चेतावनी के अनुसार जनपद में अत्यधिक तापमान और लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को भी अत्यंत गर्म दिन और भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है।

                    ऐसे में विद्यार्थियों और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने, हीट स्ट्रोक तथा डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं के खतरे को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी सरकारी एवं गैर सरकारी चिकित्सालयों में हीट वेव से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था, शीतल पेयजल, ओआरएस, आवश्यक दवाओं एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए समुचित उपचार व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।जिला प्रशासन ने लोगों से भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्शों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिली है।

यहां देखें आदेश

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button