मेसी के इवेंट में बवाल , ‘सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अव्यवस्था से बहुत दुखी हूं -: सीएम ममता

ममता बनर्जी ने मांगी माफी
ममता बनर्जी ने एक पोस्ट करते हुए कहा कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में आज हुई अव्यवस्था से मैं बहुत दुखी और हैरान हूं। मैं हजारों खेल प्रेमियों और फैंस के साथ इवेंट में शामिल होने के लिए स्टेडियम जा रही थी, जो अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे। मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए लियोनेल मेस्सी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके फैंस से दिल से माफी मांगती हूं।
मैं जस्टिस (रिटायर्ड) असीम कुमार रे की अध्यक्षता में एक जांच समिति बना रही हूं, जिसमें मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह और पहाड़ी मामले विभाग, सदस्य होंगे। यह समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी। एक बार फिर, मैं सभी खेल प्रेमियों से दिल से माफी मांगती हूं।
भाजपा ने लगाया सुरक्षा की कमी का आरोप
इधर कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल के बाद बीजेपी ने सीएम ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल पार्टी पर पूर्ण कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए उनकी जमकर आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पूरी तरह से कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए इसे शर्मनाक बताया। भाजपा ने वैश्विक दिग्गज के कोलकाता कार्यक्रम के लिए बिल्कुल भी योजना न होने और सुरक्षा की कमी का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि उम्मीद से भरे हजारों प्रशंसक उन्हें देख तक नहीं पाए, जबकि अयोग्य टीएमसी नेताओं ने उन्हें घेर रखा था। एक वैश्विक दिग्गज, भारी जनसमर्थन, और फिर भी शून्य योजना। अंतरराष्ट्रीय मंच पर पूरी तरह शर्मनाक। ममता बनर्जी एक कार्यक्रम का आयोजन या प्रबंधन भी नहीं कर सकतीं।



