सीएम धामी ने जनरल बिपिन रावत की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, बोले – : राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे

देहरादून -: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस), पद्म विभूषण से अलंकृत और उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर जनरल बिपिन रावत की जयंती पर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कार्यालय में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत सैनिक अधिकारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जनरल बिपिन रावत ने मां भारती की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा, “जनरल बिपिन रावत अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल रावत का नेतृत्व, उनकी दूरदर्शिता और देश के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के पथ पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को जनरल बिपिन रावत जैसे सपूत पर गर्व है, जिन्होंने न केवल देश की सुरक्षा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया बल्कि सेना के आधुनिकीकरण में भी अहम भूमिका निभाई। ज्ञातव्य है कि जनरल बिपिन रावत देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ थे और उन्होंने तीनों सेनाओं के समन्वय को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया था।


