खाकी को चुनौती: देहरादून में बेखौफ बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना, वारदात के बाद हड़कंप !
देहरादून -: उत्तराखंड की राजधानी में दिनदहाड़े एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गई इससे दो दिन पहले भी बदमाशों ने एक व्यक्ति को दिन में ही गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था हालांकि पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन इसके दो दिन बाद ही आज सुबह तकरीबन 10 बजे जिम जा रहे एक व्यक्ति की सिल्वर सिटी राजपुर रोड में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
राजधानी के वीवीआईपी माने जाने वाले राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉल परिसर में स्थित जिम से बाहर निकल रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक चली गोली की आवाज से पूरे मॉल परिसर में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मॉल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद राजपुर रोड क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वीवीआईपी क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है।
