uncategrized

श्री राम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड में अयोध्या के कलाकारों ने मचाई धूम !

लखनऊ -: कला और सिनेमा के पवित्र संगम स्थल अयोध्या से जुड़े रचनात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित “श्री राम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड 2025 (सीजन 01)” बुधवार को लखनऊ में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस आयोजन का संचालन ए०डी०एस० पोस्ट प्रोडक्शन हब, अयोध्या द्वारा किया गया, जिसमें फिल्म जगत, थियेटर और मीडिया से जुड़े प्रतिष्ठित हस्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरमान खान, विधायक पश्चिम रहे, जिन्होंने विभिन्न श्रेणियों में चयनित कलाकारों और फिल्मकारों को अवार्ड प्रदान किए। फेस्टिवल डायरेक्टर अंतरिक्ष श्रीवास्तव ने समारोह के दौरान सभी विजेताओं की घोषणा की और कहा कि “यह फेस्टिवल न सिर्फ प्रतिभाओं को सम्मान देने का माध्यम है बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की एक सार्थक पहल है।”

विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत फिल्मों और कलाकारों में सर्वाधिक चर्चा में रही फिल्म जजमेंट और सेव गॉड। फिल्म जजमेंट को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म और बेस्ट डायरेक्टर क्रिटिक्स का अवार्ड मिला, जिसके निर्देशक गिरिराज श्री हैं। इसी फिल्म के लिए शक्ति मिश्रा को बेस्ट एक्टर का सम्मान दिया गया, जबकि स्व० श्रीमती सावित्री गुप्ता को बेस्ट निगेटिव एक्टर (फीमेल) का अवार्ड मरणोपरांत प्रदान किया गया। फिल्म सेव गॉड ने भी समारोह में विशेष पहचान बनाई। इस फिल्म को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म क्रिटिक्स और बेस्ट ऑफ अनटोल्ड स्टोरी जैसे दो महत्वपूर्ण अवार्ड मिले, जिन्हें फिल्म के निर्देशक और लेखक मुकेश वर्मा ने प्राप्त किया। वहीं फिल्म जजमेंट की प्रस्तुतकर्ता स्वाती त्रिपाठी को आफिशियल सेलेक्शन फिल्म के रूप में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर फिल्म और थियेटर जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ कलाकारों, निर्देशकों और लेखकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। प्रेस क्लब, लखनऊ के सभागार में आयोजित इस समारोह में सिनेमा प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि अयोध्या से शुरू हुआ यह फिल्म फेस्टिवल आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। कार्यक्रम का संचालन युवा एंकर शुभम पांडेय ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को ऊर्जा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगे बढ़ाया। अंत में फेस्टिवल डायरेक्टर अंतरिक्ष श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, कलाकारों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि अगला सीजन और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के फिल्मकारों को मंच प्रदान किया जाएगा।

इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अयोध्या केवल आस्था की भूमि ही नहीं, बल्कि कला, सृजन और संवेदना की भी नई राजधानी बनती जा रही है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button