Australian Open: सनीथ दयानंद का धमाकेदार प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में बनाई जगह
सनीथ दयानंद ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में अपनी जगह पक्की कर ली है। मुख्य ड्रॉ में सनीथ को पहले दौर में चीन के हू झे आन से भिड़ना है।
HIGHLIGHTS
- सनीथ दयानंद ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई
- सनीथ दयानंद मुख्य ड्रॉ में चीनी शटलर से भिड़ेंगे
- अच्युतादित्य राव और पी अर्जुन रेड्डी की भारतीय जोड़ी हारी
सिडनी। भारत के सनीथ दयानंद ने मंगलवार को अपने क्वालीफाइंग मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। क्वालीफाइंग दौर में चौथी वरीयता प्राप्त दयानंद ने पहले स्थानीय खिलाड़ी कारोनो को 21-17, 21-15 से आसानी से हराया और फिर मलेशिया के मिंग होंग लिम को 21-9, 21-16 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की की। मुख्य ड्रॉ में सनीथ को पहले दौर में चीन के हू झे आन से भिड़ना है।
मनराज हुए बाहर
हालांकि मनराज सिंह अपने दूसरे क्वालीफिकेशन मैच में मलेशिया के इओजीन इवे के विरुद्ध 11-21, 18-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। पुरुष डबल्स मुख्य ड्रॉ में अच्युतादित्य राव और पी अर्जुन रेड्डी की भारतीय जोड़ी का सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया। उन्हें कांकी इगावा और ओई यी हर्न की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी के विरुद्ध 15-21, 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
पीवी सिंधू करेंगी अगुवाई
सिंगल्स में मुख्य दौर के मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे जिसमें भारत की चुनौती की अगुआई दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू करेंगी। तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू अपने अभियान की शुरुआत पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो के विरुद्ध करेंगी।
सिंधू अगर जीत दर्ज करती हैं तो अगले दौर में उनका सामना साथी भारतीय इशारानी बरुआ और चीन की हान कियान शी के बीच होने वाले पहले दौर के मुकाबले के विजेता से होगा।
महिला सिंगल्स में तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त चिउ पिन चियान से होगा जबकि मालविका बंसोड़ मलेशिया की गोह जिन वेई से भिड़ेंगी। आकर्षी कश्यप का मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा।





