385 वाहनों पर कार्यवाही, 1.85 करोड़ अधिरोपित उपखनिज परिवहन में पारदर्शिता हेतु प्रदेशव्यापी विशेष अभियान तेज !
लखनऊ: – ( 06 मई 2026 ) -: प्रदेश में उपखनिजों के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश श्रीमती माला श्रीवास्तव के निर्देश पर निदेशालय स्तर से दिनांक 01 मई से 03 मई तक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान व्यापक जांच में अधिकांश वाहन वैध परिवहन प्रपत्रों के साथ संचालित होते पाए गए। वहीं, जिन वाहनों में अवैध परिवहन अथवा ओवरलोडिंग की पुष्टि हुई, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई। इस क्रम में प्रदेशभर में कुल 385 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए 1 करोड़ 85 लाख रुपये की धनराशि अधिरोपित कर वसूली सुनिश्चित की गई। श्रीमती माला श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसी क्रम में 06 मई से निदेशालय स्तर से पुनः 20 विशेष टीमें विभिन्न जनपदों के लिए रवाना की जा रही हैं।
अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन आईएसटीपी (ISTP) के माध्यम से ही सुनिश्चित कराया जाए तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न होने दी जाए। साथ ही, खनन क्षेत्रों में सोर्स प्वाइंट पर ही निर्धारित लोडिंग मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में खनन गतिविधियों में पारदर्शिता एवं विधिसम्मत व्यवस्था बनी रहे।