कई बार ऐसा होता है जब बुरी तरह से रोने लगती हूं

कैंडिस वॉर्नर ने हाल ही में एक पोडकास्ट के दौरान अपने पति डेविड वॉर्नर के साल में 300 दिन दूर रहने के बारे में खुलासा किया है. रिटायर्ड आयरन वूमेन और क्रिकेट स्टार डेविड वॉर्नर की पत्नी कैंडिस ने बताया कि वह कैसा महसूस करती हैं, जब उनका पति काम के लिए लंबे वक्त तक घर बाहर रहता है. वह अकेले तीन बच्चों की परवरिश कैसे कर पाती हैं.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर और कैंडिस पावर कपल हैं. तीन बेटियों के माता-पिता की डेविड और कैंडिस की ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ भारत में भी खूब फैन फॉलोइंग हैं. कैंडिस ने हाल ही में एक पोडकास्ट में डेविड वॉर्नर के क्रिकेट की वजह से महीनों बाहर रहने और अकेले घर-बच्चों को संभालने को लेकर अपनी परेशानियाों के बारे में खुलासा किया है. कैंडिस ने स्वीकार किया है कि वह कार में रोती हैं, जब उनके पति डेविड क्रिकेट खेलते हुए महीनों के लिए दूर होते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 14 में से केवल तीन महीने एक साथ बिताए हैं.
कैंडिस वॉर्नर ने खुलासा किया कि उनके पति डेविड आमतौर पर साल के 300 दिन दूर रहते हैं. अपनी इस तकलीफ को बताते हुए वह कहती हैं कि ऐसे दिन थे जब वह अपनी कार चलाती थीं, लेकिन पूरी तरह से टूट जाती थीं और रोने लगती थीं. उन्हें और उनके बच्चों को अपने पति के साथ समय बिताने का मौका नहीं मिलता था, जिसकी वजह से वह अकेलापन और तनाव के कारण बुरी तरह से रोने लगती थीं. कैंडिस वॉर्नर ने कहा, ”यह मेरे लिए एक चुनौती रही है. हम सभी की अपनी कमजोरियां हैं, हमारे कमजोर पल हैं. और एक समय ऐसा भी आया है जहां… मैं गाड़ी चला रही थी और मैं बस फूट-फूट कर रो रही थी. मेरे बच्चे पीछे चिल्ला रहे हैं. मैं बस सोच रही हूं कि यह कब खत्म होने वाला है? यह मुश्किल है, क्योंकि वह… आपका पति और आपका सबसे अच्छा दोस्त है…. और यही वह व्यक्ति है, जिसके पर हर सुख-दुख में आप जाते हैं.
कैंडिस वॉर्नर ने आगे कहा कि उनके पति डेविड को पूरी तरह से ‘स्पष्ट दिमाग’ चाहिए, जब वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बल्लेबाजी करने के लिए बाहर निकलते हैं. डेविड को उनसे घर, बच्चों या बाहर किसी तरह की कोई शिकायत नहीं सुननी है. डेविड को ध्यान केंद्रित करने के लिए, अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करने के लिए बिल्कुल शांत दिमाग चाहिए.
कैंडिस वॉर्नर ने कहा कि डेविड को यह नहीं सुनना कि मैं बच्चे यह हैं, बच्चे वह हैं, या कुछ ऐसा हुआ. लेकिन साथ ही, वह मेरे पति भी हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या आपके बीच अब भी रोमांस है. इस पर कैंडिस ने कहा जाहिर है जब वह देश में हैं. वह कोशिश करते हैं, वह बहुत स्नेही हैं.
डेविड वॉर्नर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 94 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी मनोरंजक पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड पर हावी होने में मदद मिली





