दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई की दुकानों से लिए गए पांच नमूने !

अमेठी -: दीपावली त्योहार के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के आदेशानुसार बुधवार को सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मुसाफिरखाना एवं जगदीशपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके चौहान द्वारा मुसाफिरखाना स्थित श्री खेतेश्वर राजस्थान स्वीट्स से खोया निर्मित मिठाई का नमूना लिया गया।
प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के आधार पर संचालक को सुधार सूचना नोटिस भी जारी किया। इसी क्षेत्र में मनीष कुमार पुत्र कालूराम के मिठाई प्रतिष्ठान से कालाजाम एवं खोया के नमूने संकलित किए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूजा गुप्ता द्वारा जगदीशपुर स्थित राजस्थानी स्वीट्स से खोया तथा कौशल किशोर सैनी की मिठाई की दुकान से कलाकंद का नमूना लिया गया।
इस प्रकार अभियान के दौरान कुल पांच नमूने संकलित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अतिरिक्त मौके पर लगभग एक कुंतल मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है, नष्ट कराई गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को कुल तीन सुधार सूचना नोटिस भी जारी किए गए। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
