उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशलयुक्त राज्य बनाने हेतु योगी सरकार प्रयासरत है
उत्तर प्रदेश- : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में, युवाओं को आधुनिक तकनीक, उद्योगों की आवश्यकताओं तथा रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अधिकारियों को जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा गया है। युवाओं के लिए अधिक से अधिक शॉर्ट टर्म एवं रोजगारपरक कौशल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनमें सॉफ्ट स्किल, डिजिटल लर्निंग, संवाद कौशल, इंटरव्यू तैयारी, रिज्यूमे लेखन तथा व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।
- उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी कौशलयुक्त राज्य बनाने हेतु योगी सरकार प्रयासरत है।
- युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष बनाने के लिए आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और शॉर्ट टर्म रोजगारपरक कोर्स पर जोर दिया जाएगा।
- अटल आवासीय विद्यालयों में स्किलिंग जारी है और अगले माह से आश्रम पद्धति विद्यालयों में भी कोर्स शुरू होंगे।
सरकार का उद्देश्य प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार से जोड़ना है, जिसके लिए विभाग उद्योगों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित करेगा और स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। आईटीआई एवं कौशल विकास संस्थानों में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाएगी।अटल आवासीय विद्यालयों में आधुनिक कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है और अगले माह से आश्रम पद्धति विद्यालयों में भी स्किलिंग कोर्स शुरू होंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से किया जाएगा।
प्रशिक्षण संस्थानों में रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, सीएनसी, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग तथा इंडस्ट्री 4.0 जैसी आधुनिक तकनीकों से संबंधित प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्लेसमेंट, उद्योगों के साथ समन्वय, डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रशिक्षण भागीदारों, निर्माण कार्यों तथा भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, प्रत्येक प्रशिक्षित युवा को रोजगार अथवा स्वरोजगार का अवसर मिले तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो।