उत्तराखंड

ग्राफिक एरा हॉस्पिटल पर लूटपाट के गंभीर आरोप, जन संघर्ष मोर्चे ने दी बंद की चेतावनी मृतक के परिजनों से भी वसूले सवा दो लाख — : मोर्चे का फूटा गुस्सा

विकासनगर -:  जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट देहरादून पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल मरीजों में भय उत्पन्न कर अनावश्यक ऑपरेशन के नाम पर लाखों रुपए ऐंठने का धंधा चला रहा है। जिन मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत तक नहीं, उन्हें भी जबरन शल्य क्रिया की ओर धकेला जा रहा है। यहां तक कि मृत मरीजों के परिजनों से भी दवाइयों, स्टेंट और वेंटिलेटर के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है।

नेगी ने एक ताजा मामले का हवाला देते हुए बताया कि माइनर ब्रेन हेमरेज के एक मरीज को जान का खतरा बताकर तत्काल ऑपरेशन हेतु 25 लाख रुपए जमा कराने का दबाव डाला गया। जब परिजनों ने मोर्चे से संपर्क किया तो किसी अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया गया, जिन्होंने बिना ऑपरेशन के महज सवा लाख रुपए में उस मरीज का सफल उपचार कर एक सप्ताह में घर भेज दिया। एक अन्य मामले में किसी मरीज की मृत्यु के बाद उसके परिजनों से स्टेंट के नाम पर सवा दो लाख रुपए मांगे गए। मोर्चे के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल प्रबंधन को मात्र 18 से 20 हजार रुपए में शव सौंपना पड़ा। नेगी ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के नाम पर सरकार के साथ भी छल कर रहा है और मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।

मोर्चे ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी कि यदि शीघ्र लूटपाट बंद नहीं हुई तो अस्पताल को स्थायी रूप से बंद कराने का आंदोलन छेड़ा जाएगा। पत्रकार वार्ता में पछ्वादून अध्यक्ष अमित जैन और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी उपस्थित रहे।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button