NEET UG 2026 रद्द: पेपर विवाद के बाद अब दोबारा होगी परीक्षा
CBI करेगी जांच; लाखों छात्रों की बढ़ी चिंता,कथित अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसे आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि NEET UG 2026 अब दोबारा आयोजित की जाएगी।
सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। इस फैसले के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। कई छात्र महीनों की तैयारी के बाद परीक्षा दे चुके थे और अब उन्हें फिर से परीक्षा की तैयारी करनी होगी।
एनटीए ने अपने बयान में कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) द्वारा कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा की गई थी। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों के साथ तथ्यों का सत्यापन किया गया।
एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रश्नपत्रों को जीपीएस-ट्रैकिंग वाले वाहनों के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया था। इसके अलावा, प्रश्नपत्रों पर विशेष ट्रेस करने योग्य वॉटरमार्क लगाए गए थे और परीक्षा केंद्रों की निगरानी एआई-सहायता प्राप्त सीसीटीवी सिस्टम के जरिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से की गई थी।
फिलहाल, सीबीआई पूरे मामले की जांच में जुट गई है और एनटीए ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। अब छात्रों की नजर नई परीक्षा तारीखों और आगे की प्रक्रिया पर टिकी हुई है।



