पश्चिम बंगाल

राज्य में ऐतिहासिक पल: पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार का गठन

शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में आज एक ऐतिहासिक दर्ज किया गया। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का गठन हुआ। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

राजभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए, जिन्होंने नवगठित सरकार को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस ऐतिहासिक अवसर पर कहा, “यह पश्चिम बंगाल के लिए एक नए युग की शुरुआत है। विकास, शासन और संस्कृति के संरक्षण के लिए यह सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।” गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के आशीर्वाद से यह सपना साकार हुआ।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद कहा, “जनता के विश्वास को कभी धोखा नहीं दूंगा। बंगाल को विकास, उद्योग और शांति का नया मॉडल देकर रहूंगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

समारोह के बाद सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। हजारों भाजपा समर्थकों ने राजभवन के बाहर और शहर के विभिन्न हिस्सों में जश्न मनाया। आतिशबाजी और मिठाइयों के वितरण के साथ लोगों ने इस ऐतिहासिक अवसर पर खुशी जताई।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में यह सत्ता-परिवर्तन देश की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। अब सबकी निगाहें इस नई सरकार के कामकाज और वादों पर होंगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button