आगरा में तेज बारिश, ललितपुर में हजारों क्विंटल गेहूं भीगा:DM से बच्ची की अपील- अंकल, सड़क बनवा दो; 5 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम
यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को लखनऊ, आगरा, फिरोजाबाद, प्रतापगढ़, झांसी और अमेठी समेत 12 से अधिक जिलों में बारिश हुई। सुबह तेज हवाओं के कारण हल्की ठंड का एहसास हुआ। वहीं, बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, कानपुर और रायबरेली समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे।
आगरा में ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटक बारिश में भीग गए। ललितपुर में आंधी-बारिश से खुले गेहूं क्रय केंद्रों पर रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीग गया। लखीमपुर खीरी में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं, कक्षा 1 की छात्रा मानवी सिंह ने वीडियो जारी कर जिलाधिकारी से भावुक अपील की। कहा- “हेलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, मेरी सड़क बनवा दो।”
मौसम विभाग ने 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज बड़े मंगल पर प्रदेशभर में भंडारे और 10-15 हजार शादियां हैं, जिन पर बारिश का असर देखने को मिला।
पिछले 24 घंटे में अयोध्या, सीतापुर और बाराबंकी में ओले गिरे, जबकि वाराणसी और कानपुर समेत 22 जिलों में तेज आंधी-बारिश गई। सबसे ज्यादा 130 मिमी बारिश संभल में रिकॉर्ड की गई।
हमीरपुर-चित्रकूट में तूफान से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। हमीरपुर में खेत से लौट रही एक महिला पर टीन शेड गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पीलीभीत में ईंट-भट्ठे की 100 फीट ऊंची चिमनी ढह गई। गाजीपुर में कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिससे एक किसान की मलबे में दबकर मौत हो गई। इससे पहले कासगंज में 2 बच्चों, औरैया में दादी-पोती, गोरखपुर में 2 युवकों और संभल में एक बच्ची की जान गई थी।
मौसम की तस्वीरें-

अगले एक हफ्ते तक मौसम बिगड़ा रहेगा
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया:- पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। 4 से 7 मई के बीच 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ओले भी गिर सकते हैं। अगले एक हफ्ते तक मौसम बिगड़ा ही रहेगा। इस दौरान लू चलने के आसार नहीं हैं।
- पिछले 5 दिनों से जारी बारिश की वजह से फसलों को नुकसान पहुंचा है। खासतौर पर सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। खीरा-ककड़ी, खरबूज और तरबूज को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। अधिकारी फील्ड में जाकर नुकसान का सर्वे करें और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपें, ताकि मुआवजा दिया जा सके। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- योगी ने प्रदेश में आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा है। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के तत्काल और समुचित इलाज दिलाने को कहा है। सभी प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा है।
