प्रयागराज में मोदी-योगी की तस्वीर लेकर नाचे भाजपाई:लखनऊ में केशव-ब्रजेश ने झालमुड़ी खाई, पूछा- अखिलेश यादव कहां हैं?
पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझान में भाजपा को बहुमत मिला है। यूपी में भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। प्रयागराज में कार्यकर्ताओं ने मोदी-योगी की तस्वीर लेकर डांस किया। वाराणसी, आगरा, कानपुर और झांसी समेत कई जिलों में पटाखे फोड़कर एक-दूसरे को बधाई दी।
सीएम योगी ने भी कैबिनेट मीटिंग से पहले मंत्रियों को मिठाई खिलाई। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव मौर्य भी मौजूद रहे। इससे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य लखनऊ में भाजपा कार्यालय पहुंचे। दोनों ने झालमुड़ी खाई। महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े पर डांस किया। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर वाला खिलौना दिखाते हुए बुलडोजर बाबा के नारे लगाए।
लखनऊ एयरपोर्ट पर केशव मौर्य ने कहा- ममता दीदी का भय पराजित हो गया। उन्होंने पूछा- अखिलेश यादव कहां हैं? दिनभर तुतहरी बजा रहे थे। उन्हें खोजना चाहिए। देर शाम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा- हर फरेबी फतह की एक मियाद होती है ये बात ही ‘सच्चाई की बुनियाद’ होती है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने X पर लिखा- बंगाल में भय मुक्त शासन का आगाज…। जय मां दुर्गा। कानपुर मेयर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम में झालमुड़ी बांटी। उन्होंने ढोल बजाकर जश्न मनाया। काशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने “हर-हर मोदी, घर-घर मोदी” के नारे लगाए।
बंगाली समाज से जुड़ी भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने शंखनाद किया। गंगा की आरती भी की। वाराणसी से विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बंगाल चुनाव के प्रभारी सुनील बंसल को गुलदस्ते की जगह झालमुड़ी भेंट की। दरअसल, पीएम मोदी ने बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी।
