main slideब्रेकिंग न्यूज़
LPG सिलेंडर 993 रुपये महंगा, दिल्ली में कीमत 3,071.50 रुपये पहुंची
तीन महीने में 1,303 रुपये की बढ़ोतरी, पश्चिम एशिया तनाव का असर; घरेलू गैस के दाम स्थिर
Delhi:मई महीने की शुरुआत के साथ ही देश की सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर(LPG सिलेंडर ) के उपभोक्ताओं को बड़ा झटका दिया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद Delhi में इसकी कीमत बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गई है, जो अब तक का सबसे उच्च स्तर है।
इससे पहले यह सिलेंडर 2,078.50 रुपये में मिल रहा था। कीमतों में अचानक आई इस बड़ी वृद्धि से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
तीन महीने में 1,303 रुपये की बढ़ोतरी
कमर्शियल गैस की कीमतों में लगातार तीसरे महीने इजाफा हुआ है।
इस तरह केवल 60 दिनों में कुल 1,303 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर जल्द ही खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई देगा।
पश्चिम एशिया संकट का असर
Middle East में जारी तनाव को इस तेजी की मुख्य वजह माना जा रहा है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलाव का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत
हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह फिलहाल 913 रुपये पर स्थिर है।
पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यही स्थिति बनी रहती है, तो आने वाले समय में ऊर्जा कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।