यूपी में आंधी-बारिश, 10 जिलों में जमकर ओले गिरे:बच्ची समेत 12 की मौत; पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा की छत उड़ी
यूपी में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। प्रयागराज-वाराणसी समेत 30 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। लखनऊ समेत 10 जिलों में जमकर ओले गिरे। सुल्तानपुर में 60 किमी की स्पीड से तूफान आया। इससे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बने टोल प्लाजा की छत उड़ गई। अयोध्या में धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। इससे सीएम योगी का हेलिकॉप्टर एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। सुल्तानपुर में बिजली गिरने से खेत में आग लग गई।
आंधी-बारिश से प्रदेश में जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए। कई कच्चे मकान ढह गए। इससे 12 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 6 मौत सुल्तानपुर में हुई। अयोध्या- अमेठी में 2-2, प्रयागराज और गाजीपुर में 1-1 की जान गई।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से मौसम बदला है। आज पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के 58 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। बिजली भी गिर सकती है।
इससे पहले, मंगलवार को 15 जिलों में पारा 40°C से अधिक रहा। बांदा के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। बावजूद इसके 45.6°C के साथ बांदा शहर यूपी में सबसे गर्म शहर रहा। 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.4°C दर्ज हुआ था। अप्रैल महीने में छठी बार प्रदेश में बांदा सबसे गर्म रहा था।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-
प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। अगले 5 दिन यानी 4 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। गर्मी और लू से राहत मिलेगी। तापमान 3-4°C तक गिरेगा। हालांकि, दिन में धूप की वजह से उमस जैसे हालात बन सकते हैं
जिलों का मौसम जानिए-
- अयोध्या: खराब मौसम के चलते सीएम योगी के रूट में बदलाव किया गया। वे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से टेढ़ी बाजार होते हुए राम मंदिर पहुंचे। पहले उनका हेलीकॉप्टर राम कथा पार्क में उतरना था।
- प्रयागराज: प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- वाराणसी: तेज हवाओं के बीच निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार गिर गई, जिसमें कई मजदूर घायल हो गए। सूचना पर NDRF की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- अमेठी: तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- सुल्तानपुर: तेज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ गिर गए। कच्चे मकान ढह गए।
