फिरोजपुर में मार्कफेड की जमीन पर अवैध निर्माण: गोदाम परिसर में वेल्डिंग शॉप से बड़ा सुरक्षा खतरा
सरकारी सामान के बीच खतरनाक गतिविधियां, नगर कौंसिल और प्रशासन की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
पंजाब: फिरोजपुर के बस स्टैंड के पास मलवल रोड स्थित पंजाब राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन महासंघ लिमिटेड (मार्कफेड) की जमीन पर नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यह जमीन फिरोज़पुर कोऑपरेटिव मार्केटिंग (कोऑपरेटिव मार्केटिंग)कम प्रोसेसिंग सोसाइटी को किराए पर दी गई थी, जहां मार्कफेड का गोदाम भी मौजूद है और सरकारी सामान रखा जाता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इसी संवेदनशील परिसर में लंबे समय से डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान संचालित हो रही थी, जहां गैस वेल्डिंग जैसे खतरनाक कार्य किए जा रहे थे। इससे न सिर्फ सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, बल्कि आग जैसी बड़ी दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहा।
🟥 सुरक्षा पर बड़ा सवाल
यदि इस परिसर में आग लग जाती, तो सरकारी सामान को भारी नुकसान हो सकता था। ऐसे में सवाल उठता है कि इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेता? लंबे समय तक इस तरह की गतिविधियों का जारी रहना प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
🟨 अवैध निर्माण भी शुरू
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। इसी जमीन पर अब पक्का निर्माण भी शुरू कर दिया गया, जिसे नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है। किराए की जमीन पर बिना स्पष्ट अनुमति निर्माण कार्य करना कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन माना जाता है।
🟦 मैनेजर का पक्ष
सोसाइटी के मैनेजर परवीन के अनुसार, जमीन सोसाइटी के नाम पर है और वे वहां निर्माण कर सकते हैं। वेल्डिंग शॉप के संबंध में उनका कहना है कि दुकान किराए पर दी गई थी और अब उसे खाली करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि जब लंबे समय से खतरनाक गतिविधियां चल रही थीं, तब कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
🟥 नगर कौंसिल की कार्रवाई, लेकिन सवाल कायम
मामला उजागर होने के बाद नगर कौंसिल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। हालांकि, सूत्रों के अनुसार निर्माण का नक्शा भी कथित तौर पर गलत तरीके से पास किया गया था, जिससे नगर कौंसिल की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।





