नैनीताल

चारधाम यात्रियों को अब एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी भी करेगी जागरूक वेबसाइट पर अपलोड की स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी, उच्च हिमालयी यात्रा के लिए परामर्श और सावधानियां उपलब्ध !

देहरादून -: आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से आगाह करने और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दी गई उपयोगी स्वास्थ्य जानकारी अपलोड कर दी है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यात्रा से पहले ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य चुनौतियों, सावधानियों और जरूरी तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई यह जानकारी खासतौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी मानी जा रही है, जो चारधाम यात्रा के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करते हैं। वेबसाइट पर प्रदर्शित स्वास्थ्य परामर्शों के माध्यम से यात्री यात्रा से पहले खुद को बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे और आवश्यक सावधानियां अपनाकर अपनी यात्रा को अधिक सुरक्षित बना पाएंगे।

गौरतलब है कि एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी ने 1 अप्रैल को देहरादून स्थित लोकभवन में ‘स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा’ विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया था। इस सेमिनार में चारधाम यात्रा के दौरान सामने आने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, सड़क सुरक्षा, यात्रा की तैयारी और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई थी। अब सेमिनार में विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों और परामर्शों को विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट https://www.hnbumu.ac.in पर भी सार्वजनिक कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

इस सेमिनार को चिकित्सा विशेषज्ञों के अलावा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने भी संबोधित किया था। सेमिनार में पद्मश्री डॉ. एस.सी. मनचंदा, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के ऑर्थोपेडिक विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह और एम्स गोरखपुर के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. आशुतोष तिवारी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने यात्रा की तैयारी, यात्रा के दौरान होने वाली संभावित स्वास्थ्य परेशानियों और उनसे बचाव के उपायों पर उपयोगी जानकारी दी थी।

इस संबंध में एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. भानु दुग्गल ने बताया कि लोकभवन में आयोजित सेमिनार के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा साझा की गई सभी प्रमुख जानकारियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे आमजन और तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने में मदद मिलेगी। साथ ही, चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सेमिनार में राज्यपाल द्वारा दिया गया मूल मंत्र ‘आस्था के साथ सावधानी’ भी सार्थक हो सकेगा।

कुलपति प्रो. दुग्गल ने बताया कि विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि तीर्थयात्रियों को मानसिक और शारीरिक रूप से यात्रा के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक और अन्य कार्यालय कर्मियों के योगदान की भी सराहना की। चारधाम यात्रा हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होती है, लेकिन उत्तराखंड के चारों धाम उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित होने के कारण यहां की यात्रा स्वास्थ्य की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में मेडिकल यूनिवर्सिटी की यह पहल यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो सकती है और यात्रा को अधिक सुरक्षित, जागरूक तथा व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button