देहरादून

त्योहार की आड़ में अराजकता फैलाने वाले सीधे सलाखों के पीछे जाएंगे : दून पुलिस का सख्त चेतावनी जिले को 3 सुपर जोन, 6 जोन और 17 सेक्टरों में बांटा गया !

देहरादून -:  नवरात्र, अलविदा जुम्मा और ईद के पर्वों को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारों की आड़ में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी | और ऐसे तत्व सीधे सलाखों के पीछे जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सर्वधर्म के संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठकें की हैं। इन बैठकों में पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में आमजन का सहयोग अहम भूमिका निभाएगा।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरे जनपद को तीन सुपर जोन, छह जोन और 17 सेक्टरों में विभाजित किया है। सुपर जोन का प्रभार अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को, जोन का प्रभार क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारियों को तथा सेक्टरों का प्रभार संबंधित थानाध्यक्षों और प्रभारी निरीक्षकों को सौंपा गया है। हर क्षेत्र में स्टेटिक फोर्स और मोबाइल पार्टियों को तैनात किया गया है, जो नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर घटनाक्रमों पर सतर्क नजर रखेंगी। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए सभी सेक्टरों में पीसीआर वैन को भी तैनात किया गया है।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर भी 24 घंटे नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साइबर सेल लगातार सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें, विवादित पोस्ट या अफवाहें फैलाकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहारों को अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनके कारण किसी अन्य व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस ने कहा कि वह हुडदंगियों और अराजक तत्वों पर लगातार सतर्क नजर रखे हुए है और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button