उत्तराखंड

धामी ने किया कुँआवाला बाजार का भ्रमण, ‘स्वदेशी अपनाओ’ और GST की नई दरों पर दिया ज़ोर

देहरादून -: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के कुँआवाला बाजार में एक जन-जागरूकता अभियान के तहत बाजार का भ्रमण किया। उनका यह कार्यक्रम “स्वदेशी अपनाओ” अभियान और हाल ही में लागू की गईं GST की नई दरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर केंद्रित था। इस दौरान धामी ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया, उन्हें स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लाभ बताए और नई कर प्रणाली के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग न केवल देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाता है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करें।

सरल कर प्रणाली से मिलेगी आर्थिकी को गति

GST की नई दरों के संबंध में बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कर की दरों में किए गए संशोधन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की सुविधा और व्यापारिक गतिविधियों को सरल बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि एक पारदर्शी और सरल कर प्रणाली के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को गति मिलेगी। धामी ने कहा कि “स्वदेशी अपनाओ” अभियान को व्यापक सफलता तभी मिलेगी जब जन-जागरूकता बढ़ेगी और लोग सक्रिय रूप से इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही राज्य की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विधायक बृजभूषण गैरोला भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button