uncategrized
भारत भर में तिरंगा यात्रा का उत्साह: बेवर में भी 2100 मीटर तिरंगे के साथ निकली तिरंगा यात्रा !

बेवर – कस्बा बेवर में आजादी के अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पंचायत बेवर द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। 2100मीटर तिरंगा लेकर चल रहे एनसीसी कैडेट और छात्र छात्राओं में देशभक्ति का जज्बा दिखाई पड़ा।यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष,ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय स्थित गांधी पार्क से निकाली गई तिरंगा यात्रा में अमर शहीद इंटर कॉलेज,बाल भारती हायर सेकेण्डरी स्कूल,आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया। यात्रा में छात्र छात्राएं हाथों में देशभक्ति नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे वातावरण में गूंजते रहे।
चेयरमैन सरितकांत भाटिया,ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह चौहान उर्फ भल्लू समेत जनप्रतिनिधियों ने नगर स्थित महात्मा गांधी,शहीद स्मारक और सुभाष चंद बोस प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। बाल भारती हायर सेकेण्डरी विद्यालय द्वारा यात्रा में कई सजीव झांकियां निकाली गईं।इस मौके पर चेयरमैन सरितकांत भाटिया ने उद्बोधन में कहा कि यह यात्रा न केवल राष्ट्रध्वज के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह चौहान उर्फ भल्लू,भाजपा नेता विजय सिंह वैस,ज्ञानेंद्र सिंह चौहान उर्फ मोनू,सुमित सिकरवार,प्रज्ञा सेंगर आदि ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नगर पंचायत सभासद समेत कई शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यात्रा का समापन नेहरू हाल परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ।

