नक्सलियों ने रात मेंपुलिस जवान के घर पर बोला धावा, जवान को उतारा मौत के घाट

सुकमा. छत्तीसगढ़ के सबसे ज़्यादा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शुमार सुकमा में एक बार फिर नक्सलियों ने धावा बोलकर एक पुलिस जवान को मौत के घाट उतार दिया. यह किसी मुठभेड़ का हिस्सा नहीं था, बल्कि सोची समझी रणनीति के तहत एक पुलिस जवान के घर पर किया गया हमला था. नक्सली पहले भी इस तरह के हमलों को अंजाम दे चुके हैं और यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है.
सुकमा के पेंटा गांव में नक्सलियों के हमले में मंगलवार रात मारे जाने के संबंध में एएनआई ने खबर दी. मृतक पुलिस जवान की पत्नी ने कहा “रात के वक्त जब हम सो रहे थे, तभी पांच लोगों हमारे घर में जबरन घुसे. मेरे पति ने हमले से बचकर भागने की कोशिश की लेकिन उन लोगों ने उन्हें दबोच लिया. पहले हमलावरों ने ट्रैक्टर की चाबी और फोन मांगकर छीना और फिर मेरे पति को मौत के घाट उतार दिया.
गौरतलब है कि अप्रैल के महीने के शुरू में ही सुकमा बीजापुर बॉर्डर के पास नक्सलियों ने एक बड़े हमले को अंजाम दिया था, जिसमें सुरक्षा दस्ते के 22 जवानों के अलावा 9 नक्सली भी मारे गए थे. इस हमले के बाद से ही पुलिस इलाके में नक्सलियों पर दबिश की रणनीति अपना रही है और दूसरी तरफ नक्सली भी मौका देखकर पलटवार करने से नहीं चूक रहे हैं.

