ट्रेन ने कार के उड़ाए परखच्चे, महिला ड्राइवर को नहीं आई खरोंच

खतरनाक एक्सीडेंट: रेलवे क्रासिंग पर कई खतरनाक एक्सीडेंट होते रहते हैं. कई बार इन एक्सीडेंट में लोगों की दर्दनाक मौत हो जाती है. आप सोच सकते हैं कि ट्रेन से कोई गाड़ी टकराएगी तो वह भूसा हो जाएगी. ऐसे में कोई इंसान बच जाए तो वह ‘कुदरत का करिश्मा’ ही होगा. कुछ किस्मती इंसान मौत को भी चकमा दे देते हैं.
ऐसी ही एक घटना इंग्लैंड से सामने आई है, जहां एक महिला ने मौत को भी चकमा दे दिया. इस घटना में कार की हालत देखकर आप बिना सोचे ही बोल देंगे कि कार का ड्राइवर तो किसी भी हाल में नहीं बचा होगा. लेकिन इस कार को चला रही महिला ड्राइवर को खरोंच भी नहीं आई. यह घटना एसेक्स में एक रेल क्रॉसिंग पर घटी.
सेंड्रा रेस्को नाम की एक महिला कार लेकर जा रही थी. तभी रेलवे क्रॉसिंग से पहले उसने अपनी कार पर नियंत्रण खो दिया था. महिला बताती हैं कि वहां इतनी ज्यादा बर्फ पड़ी थी कि उनकी कार फिसलने लगी थी. वह ब्रेक लगा रही थीं, लेकिन कार उनके कंट्रोल से बाहर हो गई थी.
महिला ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग से पहले ही वह कार को रोकने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन फिसलन की वजह से उनकी कार रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई. इसके बाद उनकी कार सीधे जाकर रेलवे ट्रैक पर ही रुकी. महिला ने बताया कि जैसे ही उनकी कार रेलवे ट्रैक पर रुकी, वैसे ही उन्हें ट्रेन आती दिखी. यह सब इतनी जल्दी हुई कि उन्हें सोचने का भी टाइम ही नहीं मिला.
इसके बाद उनकी बॉडी में न जाने कहां से शक्ति आई कि वह झटके से कार से निकलकर बाहर आ गईं. वह कार से निकली ही थीं कि ट्रेन ने कार पर जोरदार टक्कर मारी. यह टक्कर इतनी भयानक थी कि आधी कार के परखच्चे उड़ गए और आधी कार रेलवे ट्रैक से खिसककर बाहर आ गई. इस एक्सीडेंट में कार के पीछे का पूरा हिस्सा ही खत्म हो गया. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अगर एक सेकेंड की भी देरी होती को सेंड्रा की जान चली जाती.





