लखनऊ

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत लखनऊ मंडल में व्यापक स्वच्छता अभियान !

लखनऊ -:  मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मंडल के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। लखनऊ, अयोध्या धाम, वाराणसी जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे लाइन, यार्ड, विश्रामालय, वेटिंग रूम एवं शौचालयों सहित यात्रियों के आवागमन वाले विभिन्न स्थानों पर विशेष साफ-सफाई की जा रही है।

रेलवे कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर रेल पटरियों एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्र किया जा रहा है तथा उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत बाराबंकी, जौनपुर एवं शाहगंज रेलवे स्टेशनों के ट्रैक एवं यार्ड के आसपास लंबे समय से संचित कचरे (Legacy Waste) की विशेष सफाई कराते हुए उसे पूरी तरह हटाया गया। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों की गहन सफाई कर रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

स्वच्छता अभियान के माध्यम से रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही यात्रियों एवं आमजन से रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की जा रही है। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान लखनऊ मंडल द्वारा स्वच्छता गतिविधियों के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रमों, सामूहिक सहभागिता एवं जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाए रखना है।

लखनऊ मंडल रेल प्रशासन “स्वच्छ रेल, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण” के संकल्प को साकार करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन की सहभागिता से निरंतर प्रयासरत है। मंडल रेल प्रशासन ने सभी रेल यात्रियों एवं आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button