इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने कहा इजराइल को आतंकवादी देश

नई दिल्ली. मैच फिक्सिंग मामले में बैन झेल रहे उमर अकमल ने इजराइल को आंतकवादी देश बताया है. दरअसल इजरायल और फिलिस्तीन के बीच आर पार की लड़ाई चल रही है. दोनों तरफ से लगातर हमले किए जा रहे हैं. इस लड़ाई में अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके है. अकमल ने ट्वीट करते हुए इजराइल को आतंकवादी देश करार दिया है. उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन तुम अकेले नहीं हो, हर मुस्लिम तुम्हारे साथ है. इजरायल तुम एक आतंकवादी देश हो, फिलिस्तीन के मुसलमानों को मारना बंद करो.
उमर अकमल ने कहा कि तथाकथित मानवाधिकार के चैंपियन अब कहां हैं. मैच फिक्सिंग मामले में बल्लेबाज उमर अकमल पर 12 महीने की निलंबन की सजा के साथ 42.5 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया था
30 वर्षीय उमर से इस रकम में किस्तों में देने की पेशकश की थी लेकिन बोर्ड ने उसे ठुकराते हुए कहा कि पूरी रकम जमा किए बिना वह भ्रष्टाचार रोधी कोड के तहत प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए जरूरी रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम से नहीं जुड पाएंगे. उमर ने फरवरी 2020 से क्रिकेट नहीं खेला है.
अकमल ने पीसीबी की एंटी करप्शन यूनिट को सट्टेबाजों से आए फोन की जानकारी नहीं दी थी जिसके बाद उनके खिलाफ ये कार्रवाई की गई. उमर अकमल को मिली इस सजा के बाद उनके बड़े भाई कामरान अकमल ने पीसीबी पर भेदभाव का आरोप लगाया था. उमर अकमल अक्सर ही विवादों से घिरे रहते हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने अकमल पर जुर्माने की राशि को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की फीस से देने की पेशकश की है ताकि उनका भाई अपने रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम को शुरू कर सके.





